खेरवाड़ा, राजस्थान ग्रामीण बैंक एवं राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के संयुक्त तत्वाधान में राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा खेरवाड़ा द्वारा मंगलवार को ग्राम स्तरीय जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
ग्रामीण महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम के तहत आयोजित चौपाल के मुख्य अतिथि वित्तीय साक्षरता सलाहकार दिनेश कुमार जैन रहे जबकि अध्यक्षता शाखा प्रबंधक राजकुमार कसारा ने की। चौपाल में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बैंक के माध्यम से संचालित केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बैंक से जुड़कर इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूह का गठन कर बैंक से क्रेडिट लिंकेज कराने, समूह का नियमित संचालन करते हुए नियमित बचत करने, समय पर ऋण की चुकौती करने, भारत सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, फसल बीमा योजना आदि बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
चौपाल में डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए इससे होने वाली सुगम बैंकिंग के बारे में बताया तथा जागरूक एवं सतर्क रहकर डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही अपने बैंक खाते की जानकारी, एटीएम की पिन, सीवीवी आदि की जानकारी किसी को भी नहीं बताने की सलाह दी। चौपाल का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सहायक प्रबंधक आनंद जांगिड़ ने किया।

