जयपुर के सांगानेर सदर इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। टोडारायसिंह, टोंक निवासी 75 वर्षीय जगदीश की उसके छोटे बेटे सवाई राम जाट ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को करीब एक दिन तक घर में ही छिपाकर रखा।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त की रात पिता और बेटे के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिता शराब पीने के बाद आए दिन झगड़ा करते थे। विवाद बढ़ने पर गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने गुरुवार सुबह टैक्सी बुलाई। उसका प्लान शव को गांव टोडारायसिंह ले जाकर अंतिम संस्कार करने का था। लेकिन टैक्सी ड्राइवर को गाड़ी में बदबू आने पर शक हुआ। ड्राइवर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी की मां सजनी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामले की जांच सांगानेर सदर थाना पुलिस कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। साल 2024 में बहू की हत्या के मामले में जगदीश, उसकी पत्नी और दोनों बेटों पर आरोप लगा था। परिवार के चारों सदस्य जेल गए थे। करीब चार महीने पहले जगदीश, उसकी पत्नी और छोटा बेटा सवाई जमानत पर बाहर आए थे, जबकि बड़ा बेटा अभी जेल में है।
