जयपुर में 100 करोड़ की ठगी के मामले में दो वांटेड बदमाश गिरफ्तार, लग्जरी कार जब्त

जयपुर। प्रॉपर्टी में निवेश और क्रिप्टो करेंसी के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ सोडाला थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 100 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में फरार चल रहे दो वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 1.25 करोड़ रुपए कीमत की मर्सिडीज कार जब्त की गई है। इसके अलावा करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी फ्रीज करवाई गई है।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कालोया (27) निवासी बिहारीपुरा, कालाडेरा और घनश्याम कांदेल उर्फ घनश्याम कडेंल (35) निवासी चितवाड़ी, बुनकर मोहल्ला, सामोद के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों पर पुलिस की ओर से 2-2 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहित कालोया को गुरुग्राम से पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घनश्याम कांदेल के ठिकाने का पता लगाया और दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बड़ा बिजनेस खड़ा करने के उद्देश्य से लोगों को निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाया। पुलिस के अनुसार, Easy Way Homes नाम की कंपनी के जरिए प्रॉपर्टी में निवेश करने पर कुछ ही महीनों में बड़ा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया जाता था।

इसके अलावा आरोपियों ने Flinty-io और Flinty-live नाम से क्रिप्टो करेंसी से जुड़ी फर्जी वेबसाइटें तैयार कर लोगों से डिजिटल कॉइन में निवेश करवाने और मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। निवेश के नाम पर बड़ी रकम जुटाने के बाद कंपनी बंद कर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 में सोडाला थाने में पीड़ित ऋषि मेहता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि Easy Way Homes के जरिए निवेश पर बड़ा मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर करीब 1.55 करोड़ रुपए चेक से और लगभग 4 करोड़ रुपए नकद लिए गए। जब रकम वापस करने का समय आया और पीड़ितों ने कंपनी से संपर्क किया तो कंपनी बंद मिली और आरोपी फरार थे।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को इस गिरोह के खिलाफ अलग-अलग थानों में दर्ज कई मामलों की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार चित्रकूट थाने में अप्रैल 2026 में 89 करोड़ रुपए, साइबर क्राइम थाने में फरवरी 2026 में 87 लाख रुपए, चौमूं थाने में जून 2026 में 1.17 करोड़ रुपए और सोडाला थाने में अगस्त 2026 में 50 लाख रुपए की शिकायतों से जुड़े मामले सामने आए।

पुलिस ने मोहित कालोया के कब्जे से मर्सिडीज कार के साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ठगी से जुटाई रकम को लग्जरी लाइफस्टाइल और अलग-अलग निवेशों में इस्तेमाल कर रहे थे।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ठगी की रकम, निवेश और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Spread the love