भीलवाड़ा में फायरिंग का मामला, छर्रे लगने से 20 वर्षीय युवक घायल; तीन के खिलाफ रिपोर्ट

भीलवाड़ा। शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के सांगानेर स्थित कीरों का खेड़ा इलाके में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फायरिंग का मामला सामने आया। घटना में 20 वर्षीय युवक लखन कीर छर्रे लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार घायल युवक के दोनों हाथों और बांह पर छर्रे लगने के निशान मिले हैं। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित के परिजनों की ओर से तीन युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

🔍 फायरिंग हुई या नहीं, जांच में जुटी पुलिस

सुभाषनगर थानाधिकारी कैलाशचंद्र विश्नोई ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना के तरीके और परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या किसी अन्य कारण से युवक घायल हुआ।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यदि फायरिंग हुई तो गोली किसने और किन परिस्थितियों में चलाई।

👤 युवक ने तीन लोगों पर लगाया गोली मारने का आरोप

घायल लखन कीर ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता की गाड़ी लेने के लिए तस्वारिया रोड गया था। वहां कुछ युवक बैठे हुए थे। लखन का आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने उस पर गोली चला दी, जिससे उसके हाथ और बांह पर छर्रे लगे।

युवक ने बताया कि मौके पर सोनू, नानूराम और गोपाल मौजूद थे। उसके अनुसार इन लोगों की उसके पिता से भी बहस हुई थी। मामले में तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। फायरिंग की घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the love