हर क्रिया का फल निश्चित, कर्म के फल में संशय नहीं करना चाहिए : आचार्य प्रशमेशप्रभ सूरीश्वर- आराधना भवन में निरंतर चल रही सिद्धि तप आराधना, प्रवचनों में उमड़ रहे श्रद्धालु

उदयपुर, 25 अगस्त। श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ के मालदास स्ट्रीट स्थित आराधना भवन में आचार्यदेव श्रीमद् विजय प्रशमेशप्रभ सूरीश्वर महाराज, मुनिराज नीतिप्रभ विजयजी महाराज एवं साध्वी श्रुतवर्धना श्रीजी महाराज आदि ठाणा की पावन निश्रा में 45 दिवसीय सिद्धि तप आराधना श्रद्धा एवं भक्ति के साथ जारी है। आराधना के तहत प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रवचन आयोजित किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं इसमें सहभागिता निभा रहे हैं, जिससे आराधना भवन में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
श्रीसंघ के कोषाध्यक्ष राजेश जावरिया ने बताया कि धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्यदेव श्रीमद् विजय प्रशमेशप्रभ सूरीश्वर महाराज ने कहा कि हर क्रिया का फल अवश्य मिलता है, इसमें संशय नहीं करना चाहिए। क्रिया के अनुसार फल कम या अधिक हो सकता है, लेकिन कर्म अपना फल अवश्य देता है। कर्म यह नहीं देखता कि व्यक्ति करोड़पति है या सामान्य, बल्कि व्यक्ति के कर्म और भावों के अनुसार ही उसका फल मिलता है।
आचार्यश्री ने कहा कि भगवान की पूजा, नवकार मंत्र, सामायिक जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से भी मोक्ष की प्राप्ति संभव है, यदि व्यक्ति पूरी तन्मयता और शुद्ध भाव से क्रिया करे। भगवान द्वारा बताए गए धर्ममार्ग और उसके फल के प्रति कभी शंका नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में बाहरी शुद्धता से अधिक आत्मा की शुद्धता आवश्यक है। शरीर शुद्ध हो या न हो, लेकिन आत्मा के भाव निर्मल होना जरूरी है। उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि कर्म करते रहना चाहिए और फल की अपेक्षा नहीं करनी चाहिए। धार्मिक क्रियाएं केवल परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि पूर्ण श्रद्धा, तन्मयता एवं आत्मशुद्धि के भाव से की जाएं, तभी उनका वास्तविक लाभ प्राप्त होता है।
इस अवसर पर झाकोड़़ा श्रीसंघ के सभी ट्रस्टी भी धर्मसभा में उपस्थित रहे। उन्होंने आचार्यश्री एवं मुनिराज से निवेदन किया, जिसके पश्चात झाकोड़़ा जैन मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए मुहूर्त प्रदान किया गया। धर्मसभा में डॉ. शैलेन्द्र हिरण, राजकुमार बापना, नरेंद्र सिंघवी, भोपाल सिंह सिंघवी, मनीष दोशी, अभिषेक हुमड़, अशोक सेठ, प्रकाश गांधी, राकेश चेलावत, अशोक जैन, राजेंद्र कोठारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Spread the love