
राजसमंद (राजस्थान) – शनिवार तड़के राजसमंद में एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री घायल हो गए। यह हादसा राजसमंद-उदयपुर हाईवे पर चारभुजा थाना क्षेत्र के अमरतिया गांव के पास जाल वाले बालाजी मंदिर के पास हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 5 बजे जयपुर से उदयपुर जा रही एक रोडवेज बस (नंबर RJ32 PA 3476) की टक्कर सामने से आ रही एक पिकअप (नंबर DN09U9360) से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पिकअप को करीब 100 फीट तक घसीटती हुई ले गई और दोनों वाहन सड़क से उतरकर एक गड्ढे में जा गिरे। हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए।
दो ड्राइवरों की दर्दनाक मौत
इस हादसे में पिकअप चला रहे जालोर के लाभूराम रेबारी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने में पुलिस को एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। वहीं, रोडवेज बस के ड्राइवर नानूराम सैनी (56) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नानूराम केकड़ी के रहने वाले थे।
पांच यात्री घायल, इलाज जारी
बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से पांच घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चारभुजा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एंबुलेंस से चारभुजा सीएचसी अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें राजसमंद के आरके अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल के पीएमओ रमेश रजक ने बताया कि एक यात्री की पसलियां टूट गई हैं, जबकि बाकी चार यात्रियों की हालत स्थिर है और जल्द ही उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
