राजस्थान में सियासी भूचाल, यूथ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बर्खास्त, आलाकमान ने साफ किया मैदान!

राजस्थान की सियासत में इस वक्त यूथ कांग्रेस को लेकर एक बड़ी हलचल मची हुई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में खलबली पैदा कर दी है। संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने के मकसद से राजस्थान यूथ कांग्रेस की पूरी प्रदेश कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। आलाकमान के निर्देश पर की गई इस बड़ी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ ने एक ही झटके में सभी पुराने पदाधिकारियों को पदमुक्त कर दिया है।

दिल्ली से जारी हुए इस फरमान पर यूथ कांग्रेस प्रभारी विकास चिकारा, सह-प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला और कपिल देसाई के हस्ताक्षर हैं, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि यह फैसला संगठन के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से लिया गया है। इस बड़े बदलाव के बाद अब राजस्थान यूथ कांग्रेस की पूरी कमान मुख्य रूप से तीन युवा चेहरों के पास रहेगी, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया और कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में यशवीर शूरा व सुधींद्र मूंड शामिल हैं।

माना जा रहा है कि लंबे समय से अनुशासन और सक्रियता को लेकर संगठन के भीतर जो मंथन चल रहा था, यह उसी का परिणाम है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय में बैठकों से नदारद रहने वाले और निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा था। अब जल्द ही नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की तैयारी है, जिसमें जमीनी स्तर पर काम करने वाले और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी ताकि संगठन को आगामी चुनावों के लिए एक नई धार दी जा सके।

Spread the love