लॉरेंस के गुर्गे ने मांगी थी 5 करोड़ की फिरौती

अजमेर में पेट्रोल पंप मालिक से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने वाले लॉरेंस गैंग के कुख्यात गैंगस्टर को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मलेशिया से कॉल कर लगातार धमकियां दे रहा था और दहशत फैलाने के लिए पेट्रोल पंप पर फायरिंग भी करवाई गई थी।

क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच और इनपुट के आधार पर छत्तीसगढ़ जेल से आरोपी को दबोच लिया है। गिरफ्तारी के बाद उससे अंतरराज्यीय नेटवर्क, विदेशी कॉलिंग और फायरिंग की साजिश को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

आरोपी गैंगस्टर सुनील मीणा को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

दरअसल, 4 साल पहले गैंगस्टर सुनील मीणा ने मलेशिया से पेट्रोल पंप व्यवसायी नमन गर्ग को कॉल कर धमकी दी थी। धमकी से पहले 20 अक्टूबर 2022 को ताबड़तोड़ फायरिंग भी करवाई गई थी। जिसमें नमन गर्ग घायल भी हुआ था।

बता दें कि गैंगस्टर सुनील मीणा झारखंड का टॉप वांछित अपराधी है, जो लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है। सुनील मीणा के खिलाफ राजस्थान में 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।

Spread the love