नवाचार ही विकास का आधार, विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक सोचचंद्रयान से जल संरक्षण और गणितीय अवधारणाओं तक मॉडल में दिखी रचनात्मकता

कानोड़। नवाचार ही विकास का आधार है और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर पर प्रयोगात्मक गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसी उद्देश्य से पीएम श्री चतुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कानोड़ में विज्ञान मेला एवं विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक एवं समसामयिक विषयों पर आकर्षक मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता प्रभारी निर्मल कुमार पुरोहित ने बताया कि प्रतियोगिता को दो वर्गों में विभाजित किया गया। कक्षा 1 से 8 तक जूनियर वर्ग तथा कक्षा 9 से 12 तक सीनियर वर्ग रखा गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, इसरो, चंद्रयान, मंगलयान एवं मार्स मिशन, जल संरक्षण, फसल सुरक्षा, प्रायिकता, त्रिकोणमिति, गणितीय अवधारणाओं सहित रसायन एवं जीव विज्ञान से संबंधित विभिन्न मॉडल तैयार किए।
विज्ञान मेले के साथ दोनों वर्गों में विज्ञान क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने वैज्ञानिक ज्ञान एवं सामान्य वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में चंद्रशेखर स्वर्णकार, निर्मल कुमार पुरोहित एवं मेगा मोदी ने विद्यार्थियों को विभिन्न थीम पर मॉडल तैयार करने में मार्गदर्शन दिया। वहीं भूपेंद्र जोशी, परवीन मंसूरी, रितिका जोशी एवं मधु टांक ने पर्यवेक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश कुमार मेघवाल एवं उप प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद व्यास के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल विषय के रूप में पढ़ने के बजाय उसे प्रयोग, नवाचार और दैनिक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तर्कशीलता, समस्या समाधान की क्षमता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे नवाचार भविष्य में बड़े बदलावों का आधार बन सकते हैं।

Spread the love