25 लाख की रिश्वत लेते एक गिरफ्तार, सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट के लिए ली रकमराजसमंद एसीबी की कार्रवाई से खुला रिश्वत के बड़े नेटवर्क का राज, 60 लाख में हुआ था सौदा

राजसमंद। राजसमंद एसीबी ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपए की रिश्वत लेते एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह रिश्वत उदयपुर में तैनात सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट सांवलराम के लिए ली जा रही थी। कार्रवाई के बाद एसीबी ने मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।
एसीबी के अनुसार अनिल पारीक ने सुशील पारीक को रिश्वत की रकम लेने के लिए कहा था। अनिल के कहने पर सुशील ने सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट सांवलराम के लिए 25 लाख रुपए की रिश्वत ली। रकम लेते ही एसीबी टीम ने उसे ट्रैप कर लिया।
मामला जीएसटी विभाग की ओर से विभिन्न फर्मों को जारी किए गए करीब 3.12 करोड़ रुपए के शो-कॉज नोटिस से जुड़ा बताया जा रहा है। नोटिस के बाद कथित तौर पर राशि कम करने और मामले के सेटलमेंट के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। जानकारी के मुताबिक कुल 60 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था, जिसकी पहली किस्त के रूप में 25 लाख रुपए दिए जा रहे थे।
राजसमंद एसीबी के इनपुट पर कोटा रेंज एसीबी ने सुकेत, कोटा में कार्रवाई करते हुए सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट सांवलराम को डिटेन किया। इसके बाद एसीबी की टीम उसे राजसमंद लेकर पहुंच रही है। मामले में रिश्वत के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर एसीबी की जांच जारी है।
कार्रवाई के बाद जीएसटी नोटिस के सेटलमेंट के नाम पर मांगी गई बड़ी रिश्वत और इसमें कथित तौर पर जुड़े लोगों को लेकर जांच एजेंसी की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Spread the love