उदयपुर जिले के मावली मे मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मावली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 99.44 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद एमडी की बाजार कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत जिला एसपी की स्पेशल टीम प्रभारी देवेंद्र सिंह देवल को सूचना मिली थी। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत मावली के सुपरविजन में थाना मावली पुलिस ने 28 सितंबर 2026 को श्रीराम सर्विस सेंटर के बाहर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से श्रवण पुत्र हेमराज चारण (48), निवासी भीमल गढ़वाड़ा, थाना मावली तथा राहुल पुत्र प्रदीप वैष्णव (35), निवासी गायत्री नगर, मावली को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 99.44 ग्राम एमडी बरामद की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में थाना मावली पुलिस, जिला पुलिस अधीक्षक की स्पेशल टीम एवं साइबर सेल की टीम शामिल रही।
