जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में सेंट पॉल्स राजसमंद का शानदार प्रदर्शन : विद्यालय में खुशी का माहौल
सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजसमंद के विद्यार्थियों ने हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने बताया कि विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 28 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
उन्होंने बताया कि अंडर-14 वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। कुश्ती में आदित्यराज सिंह ने स्वर्ण पदक तथा बालिका वर्ग में वेदिका कुँवर ने स्वर्ण पदक जीता। शूटिंग में बालिका वर्ग में नवनिधि सिंह ने स्वर्ण तथा लक्षिता सिंह भाटी ने रजत पदक हासिल किया। वहीं, बालक वर्ग में शालिवाहन भाटी ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
बैडमिंटन में परीधी जांगिड़ ने रजत पदक जीता तथा अंडर-14 बैडमिंटन टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। तैराकी में रिश्चिक कच्छावा ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत तथा 100 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में टेलिसिया विजय ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक हासिल किया। स्केटिंग में हृदित अत्रिश ने वन-लैप स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-14 क्रिकेट टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 वर्ग में भी सेंट पॉल्स के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। कराटे में भाविक जांगिड़ ने स्वर्ण पदक जीता। कुश्ती के बालक वर्ग में आदित्य गुर्जर ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में भाव्या चौधरी ने स्वर्ण और अनुराज कुँवर ने रजत पदक जीता। बॉक्सिंग में बालिका वर्ग की चार्मी सचदेव ने स्वर्ण पदक तथा बालक वर्ग में उत्कर्ष सेन ने रजत पदक प्राप्त किया। बैडमिंटन में सानवी रावत ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-17 की फुटबॉल एवं क्रिकेट टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया।
अंडर-19 वर्ग में भारोत्तोलन में भावेश अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीतकर सफलता का परचम लहराया। वहीं, अंडर-19 क्रिकेट टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से संपूर्ण विद्यालय परिसर में हर्ष व्याप्त है। यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू व समस्त स्टाफ ने सभी विजेता व चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए राज्य स्तर पर भी श्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दीं।
