राजसमंद में 35 लाख की अवैध शराब जब्त, हरियाणा से आ रहा था जखीरा, दो तस्कर गिरफ्तार

राजसमंद। राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजसमंद आबकारी विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने एनएच-8 पर एक ट्रक कंटेनर से करीब 35 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी और बीआईओ ब्रांड की शराब जब्त की है और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जिला आबकारी अधिकारी लोकेश जोशी ने बताया कि आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते के निर्देशानुसार राज्यभर में अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी निरोधक दल, राजसमंद की टीम ने एनएच-8 पर मांडावाड़ा टोल नाके पर कड़ी नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान एक अशोक लीलैंड ट्रक कंटेनर को रोककर उसकी गहन जांच की गई। जांच में ट्रक के अंदर से अलग-अलग ब्रांड की कुल 105 कार्टूनों में 1242 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 928 बल्क लीटर है। जब्त स्टॉक पर स्पष्ट रूप से “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” लिखा हुआ था, जिससे साफ है कि यह शराब अवैध रूप से राजस्थान लाई जा रही थी।

इस कार्रवाई के दौरान, आबकारी दल ने वाहन चालक ईश्वर सिंह पुत्र मोहन सिंह रावत और उसके सहयोगी गणपत सिंह पुत्र गोरधन सिंह रावत, दोनों निवासी सबल सागर, बदनोर (भीलवाड़ा) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जब्त की गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपए बताई गई है। अब आबकारी विभाग दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहा है ताकि पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे राजस्थान में कहां पहुंचाया जाना था। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी लोकेश जोशी, सहायक आबकारी अधिकारी गणपत लाल, निरीक्षक मनीषा पुरोहित, कविता चारण सहित आबकारी दल के कई सदस्य शामिल रहे।

Spread the love