
स्पोर्ट्स डेस्क। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अड़ियल रुख पर कड़ा प्रहार करते हुए टी-20 वर्ल्ड कप के वेन्यू बदलने की मांग को सिरे से खारिज कर दिया है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश की टीम को अपने सभी लीग मैच तय शिड्यूल के अनुसार भारत में ही खेलने होंगे और यदि टीम मैदान पर नहीं उतरती है, तो उसे अपने कीमती पॉइंट्स गंवाने पड़ेंगे। यह फैसला मंगलवार को मुंबई में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई के आला अधिकारियों के बीच हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिया गया। इस सख्त संदेश के बाद अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के पास भारत आकर खेलने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया। मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा और अब तक 6 हिंदुओं की हत्या के विरोध में भारत में उनका कड़ा विरोध शुरू हो गया। इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें आईपीएल खेलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया और 3 जनवरी को केकेआर ने उन्हें रिलीज कर दिया। इस कार्रवाई से बौखलाए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत में वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया था और अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की गुहार लगाई थी।
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने वेन्यू में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना को पूरी तरह खत्म कर दिया है। आईसीसी ने बांग्लादेशी अधिकारियों से बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि सुरक्षा के इंतजाम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं और केवल राजनीतिक कारणों से टूर्नामेंट के ढांचे में फेरबदल नहीं किया जा सकता। यदि बांग्लादेश टूर्नामेंट का बहिष्कार करता है या मैच खेलने नहीं आता, तो विपक्षी टीम को वॉकओवर दे दिया जाएगा और बांग्लादेश के अंक काट लिए जाएंगे। अब देखना यह है कि मुस्तफिजुर के मुद्दे को ‘राष्ट्रीय अपमान’ बताने वाला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इस अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे घुटने टेकता है या टूर्नामेंट से बाहर होने का जोखिम उठाता है।
