उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी आर्यन शर्मा का भव्य स्वागत

उदयपुर। उदयपुर के 17 वर्षीय होनहार और प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी आर्यन शर्मा के जापान से उदयपुर लौटने पर डीपीएस विद्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश और विद्यालय का नाम रोशन करने के बाद आर्यन के उदयपुर पहुंचने पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।

आर्यन के उदयपुर हवाई अड्डे पहुंचने पर डीपीएस विद्यालय के प्राचार्य संजय नरवरिया, उपप्राचार्य राजेश धाभाई, शिक्षक, छात्र और उनके साथी मित्रों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आर्यन को विद्यालय परिसर लाया गया, जहां ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच माल्यार्पण कर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

आर्यन शर्मा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। उनकी उपलब्धियों ने न केवल उनके परिवार और विद्यालय बल्कि पूरे उदयपुर और देश को गौरवान्वित किया है।

विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आर्यन ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने अपनी खेल यात्रा के अलग-अलग पड़ावों, प्रशिक्षण के दौरान सामने आई चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मिली उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार मिलने वाले सहयोग, प्रेरणा और मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।

वर्ल्ड एबिलिटी स्पोर्ट यूथ गेम्स में शानदार प्रदर्शन

आर्यन ने हाल ही में तुर्की के मर्सिन में आयोजित वर्ल्ड एबिलिटी स्पोर्ट यूथ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक हासिल किए। उन्होंने पुरुष एकल में स्वर्ण पदक और पुरुष युगल में स्वर्ण पदक जीता, जबकि मिश्रित युगल में रजत पदक अपने नाम किया। आर्यन के इस प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी प्रतिभा की पहचान और मजबूत हुई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने आर्यन की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आर्यन का बैडमिंटन के प्रति लगाव बचपन से ही रहा है और अपनी मेहनत व लगन के कारण उन्होंने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

विद्यालय के प्राचार्य संजय नरवरिया ने कहा कि आर्यन ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि आर्यन अब भविष्य की बड़ी अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के लिए लगातार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

आर्यन का अगला बड़ा लक्ष्य भारत के लिए खेलना, भारत के लिए जीतना और लॉस एंजेलिस पैरालंपिक-2028 में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाना है। 17 साल की उम्र में हासिल की गई उनकी उपलब्धियां शहर के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।

Spread the love