
जोधपुर। जोधपुर जीआरपी ने ट्रेन में यात्रियों के बैग से जेवरात और नकदी चोरी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए दो शातिर महिला चोरों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रानीखेत एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री के बैग से सोने के जेवरात चोरी किए थे। पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से करीब 7 तोला वजन के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
जीआरपी के अनुसार यह गैंग रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और बसों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाती थी। गिरोह में आमतौर पर दो या तीन महिलाएं शामिल रहती थीं। ये महिलाएं भीड़ के बीच यात्रियों के बैग और सामान पर नजर रखतीं और मौका मिलते ही उनमें रखे गहने और नकदी चोरी कर फरार हो जाती थीं।
रानीखेत एक्सप्रेस में महिला यात्री के बैग से चोरी
जीआरपी एसपी केवल राम ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को प्रियंका राठौड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह मारवाड़ जंक्शन से जोधपुर के बीच रानीखेत एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके हैंड बैग में रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
चोरी हुए सामान में रखड़ी, चार लेडीज अंगूठियां, कान की बालियां, सिरपट्टी भाक्करपारा डिजाइन और गले का चिक हार शामिल थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल दीपेन्द्रपाल सिंह की मदद से तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली के नांगलोई-मंगोलपुरी क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों में दबिश देकर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मीराबेन (39) और मायाबेन (39) के रूप में हुई है। दोनों पालिताना, भावनगर, गुजरात की रहने वाली बताई गई हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात भी बरामद किए हैं।
मीराबेन के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मीराबेन के खिलाफ पहले से चोरी के 7 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दिल्ली के बुराड़ी, लाल किला और भजनपुरा के साथ जयपुर के चांदपोल, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और जीआरपी जयपुर में दर्ज मामले शामिल हैं।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गैंग ने राजस्थान समेत अन्य राज्यों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। जीआरपी की इस कार्रवाई से ट्रेन और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
कार्रवाई में CI मुक्ता पारीक, ASI हुकमसिंह, हेड कॉन्स्टेबल दीपेन्द्रपाल सिंह, कॉन्स्टेबल रिड़मल सिंह, मोहनलाल, राजूराम, मनोहर कंवर, संतोष कुमारी और अभय कमांड सेंटर से दामोदर गौड़ शामिल रहे।
