मावली। नगरपालिका चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होते ही पूरे मावली क्षेत्र में लोकतंत्र के उत्सव का माहौल देखने को मिला। सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें भी देखने को मिलीं।
सुबह करीब 9:30 बजे तक 25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान केंद्रों पर कर्मचारियों की तैनाती के साथ ही मतदाताओं की सुविधा और मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के इंतजाम किए गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर मावली नगरपालिका की नई सरकार चुनने में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। सुबह के समय बड़ी संख्या में लोगों के मतदान के लिए पहुंचने से मतदान केंद्रों पर खासा उत्साह नजर आया।
इधर, विधायक पुष्कर लाल डांगी ने मावली के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी ने भी अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल मावली में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और मतदाताओं में अपने मताधिकार का प्रयोग करने को लेकर उत्साह बना हुआ है। चुनाव के दौरान मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा
