
बांसवाड़ा। आंबापुरा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली वारदात में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मामले के 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 नाबालिगों को डिटेन किया गया है। वारदात को अंजाम देने वाले सभी आरोपी नशे में धुत थे और सुनसान जंगल में शराब पार्टी कर रहे थे।
साजिश रचकर रुकवाई बाइक, जीजा को पीटा 21 दिसंबर की शाम करीब 7:30 बजे पीड़िता अपने जीजा के साथ बाइक पर रिश्तेदारी में जा रही थी। सुरवानिया गांव के पास कच्चे रास्ते पर घात लगाकर बैठे आरोपियों ने अपनी बाइक से पीड़िता की बाइक को जानबूझकर टक्कर मार दी। जैसे ही महिला और उसके जीजा नीचे गिरे, आरोपियों ने जीजा के साथ बुरी तरह मारपीट कर उसे मौके से भगा दिया।
जंगल में ले जाकर की दरिंदगी इसके बाद आरोपी महिला को घसीटते हुए पास के घने जंगल में ले गए। वहां नशे में धुत सातों दरिंदों ने बारी-बारी से महिला के साथ गैंगरेप किया और उसे बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए।
एमपी बॉर्डर तक सर्च ऑपरेशन, ऐसे पकड़े गए आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने बाजना (एमपी बॉर्डर), महेशपुरा और सुरवानिया के जंगलों में लगातार दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने इन पांचों को गिरफ्तार किया:
- गोविन्द पुत्र रामलाल पारगी
- रायचंद पुत्र लक्ष्मण पारगी
- सुरेश पुत्र सोहन पारगी
- मोहन पुत्र मोती पारगी
- ईश्वर पुत्र गौतम पारगी
रिश्तेदारों ने भी नहीं दी पनाह थानाधिकारी रमेशचंद्र ने बताया कि घटना में शामिल दो नाबालिग आरोपी अपने रिश्तेदारों के घर छिपने गए थे, लेकिन जब रिश्तेदारों को वारदात का पता चला तो उन्होंने पुलिस के डर से उन्हें वहां से निकाल दिया। बाद में पुलिस ने दोनों को डिटेन कर लिया। एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़िता के बयान न्यायालय में दर्ज करवा दिए गए हैं।
