जमीन विवाद में युवक का अपहरण, चार महिलाओं समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर। सुखेर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार सवार बदमाशों ने सुबह करीब 8 बजे स्कूटी से काम पर जा रहे युवक को रास्ते में रोक लिया और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक नगर पश्चिम राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक और आरोपियों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों और आवाजाही से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस टीम जंगल क्षेत्र तक पहुंची, जहां से युवक को करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद सकुशल मुक्त करा लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी युवक से जमीन की रजिस्ट्री करवाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल ईको कार जब्त कर ली।

मामले में पुलिस ने चार महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजूपनी भगवतीलाल डांगी, शिवम पुत्र कमल डांगी, कंकु बाई पत्नी कमल डांगी, निर्मला पत्नी सुखलाल मीणा, राजू पुत्र धन्ना मीणा और प्रकाश पुत्र कमलचंद के रूप में हुई है।

युवक के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जमीन विवाद से जुड़े पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की वारदात के पीछे अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं थी।

Spread the love