
घर से स्कूल जाने के लिए निकली एक नाबालिग छात्रा का किडनैप करने के बाद हाईवे पर एक होटल में ले जाकर उसके साथ रेप के मामले में भीलवाड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल इनके चौथे साथी की तलाश की जा रही है।
स्कूली जाते समय किया किडनैप
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर की है, थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग छात्रा अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, इसी दौरान इस छात्रा को दो युवकों ने जबरदस्ती कार में बैठाया और कोटा- जयपुर हाईवे पर एक होटल में ले गए। यहां एक युवक ने नाबालिग के साथ रेप किया, छात्रा जैसे तैसे इन बदमाशों के चुंगल से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को अपने साथ हुई घटना बताने के बाद उनके साथ थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया।
मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक टीम का गठन किया,इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में मुख्य आरोपी, इसके सहयोगी और होटल कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुख्य आरोपी युवक को लड़की का किडनैप कर रेप करने दूसरे को उसका सहयोग करने और तीसरे को होटल में कमरा दिलाने के आरोप में अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल एक और आरोपी की तलाश की जा रही है ।
