उदयपुर। युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान को आगे बढ़ाते हुए न्यू विजन संस्थान के तत्वावधान में श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन ने ऑपरेशन प्रहार—नशे के खिलाफ जन-जन का अभियान की शुरुआत की है। अभियान के पोस्टर का विमोचन शनिवार को उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. रावत ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य हम सभी की पहली आवश्यकता है। व्यक्ति निरोगी रहेगा तभी जीवन में उपलब्धियां हासिल कर सकेगा। देश ने विकसित भारत का बड़ा संकल्प लिया है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ इस अभियान से जुड़ने तथा नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को इससे बाहर निकालकर उनका जीवन बचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन के संचालक लोकेश पटेल ने बताया कि अभियान की शुरुआत नशा छोड़ो—जीवन मोड़ो संदेश के साथ की गई है। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के बजाय स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसी क्रम में रविवार को देबारी स्थित घाटा वाली माताजी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दूध पियो—स्वस्थ रहो संदेश के साथ मिल्क रोज पिलाया जाएगा। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प भी दिलाया जाएगा।
न्यू विजन संस्थान के अध्यक्ष हर्षित चौर्डिया ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। दूसरे चरण में नशे की गिरफ्त में आए युवाओं एवं अन्य लोगों को नशा छोड़ने का संकल्प दिलाया जाएगा। तीसरे चरण में सरकारी एजेंसियों के सहयोग से नशा मुक्ति के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन के सचिव हरीश पटेल एवं केंद्र प्रभारी जगदीश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ऑपरेशन प्रहार-नशे के खिलाफ जन-जन का अभियान पोस्टर का सांसद डॉ रावत ने किया विमोचन-घाटा वाली माताजी मंदिर में रविवार को दूध पियो-स्वस्थ रहो अभियान
