हनीट्रैप का खुलासा: डॉक्टर से 25 लाख रुपये वसूलने के आरोप में दो युवतियां गिरफ्तार,

उदयपुर। शहर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक डॉक्टर को निजी वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 25 लाख रुपये वसूलने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को फतहसागर क्षेत्र से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे कथित तौर पर 10 लाख रुपये की अतिरिक्त रकम लेने पहुंची थीं। पुलिस के अनुसार, पीड़ित डॉक्टर ने शिकायत में बताया कि फरवरी 2026 में उसकी पहचान एक युवती से हुई थी। बाद में उसकी परिचित दूसरी युवती भी संपर्क में आई। कुछ समय बाद निजी संबंधों का वीडियो होने का दावा करते हुए दोनों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो वायरल करने, परिवार को भेजने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे लाखों रुपये की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक, लगातार दबाव के चलते डॉक्टर ने बैंक से ऋण लेकर तीन किश्तों में 25 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा और करीब तीन महीने बाद 10 लाख रुपये की नई मांग रख दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत की जांच की और पीड़ित के सहयोग से फतहसागर क्षेत्र में जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार दोनों युवतियां रुपये लेने पहुंचीं, जहां पहले से तैनात पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Spread the love