
उदयपुर। स्मार्ट सिटी उदयपुर के प्रतापनगर क्षेत्र स्थित बेड़वास की एन भेरवाय नगर कॉलोनी के निवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लंबे समय से मूलभूत समस्याओं की मार झेल रहे स्थानीय लोगों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी और सड़क पर जमा गंदे पानी ने यहाँ के निवासियों का जीना दूभर कर दिया है। प्रशासन को बार-बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कॉलोनीवासियों की सबसे बड़ी मुसीबत यहाँ के मुख्य मार्ग पर डंप हो रहा कचरा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाहरी लोग लगातार इस मार्ग पर आकर कचरा डालकर चले जाते हैं, जिससे इस जगह ने बड़े कचरा डिपो का रूप ले लिया है। कचरे के सड़ने से उठ रही भयानक बदबू के कारण लोगों का अपने घरों में बैठना तक मुश्किल हो गया है। इस गंदगी के चलते क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी घातक मौसमी बीमारियों के फैलने का खतरा पूरे इलाके में मंडराने लगा है।
इसके साथ ही कॉलोनी की दूसरी बड़ी समस्या मुख्य मार्ग पर लगातार हो रहा जलभराव है। बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के कुछ दुकानदारों द्वारा पानी निकासी का प्राकृतिक रास्ता बंद कर दिया गया है। निकासी बंद होने के कारण सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहता है, जिससे मुख्य सड़क अब पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुकी है। इस कीचड़ और दलदल के कारण आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एन भेरवाय नगर के आक्रोशित निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस दोहरी समस्या को लेकर नगर निगम और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी हैं, लेकिन प्रशासन की कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से तुरंत मुख्य मार्ग की सफाई करवाने, खुले में कचरा फेंकने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने और बंद की गई पानी निकासी को तुरंत खुलवाकर सड़क को कीचड़ मुक्त करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
