
पाकिस्तान के लाहौर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक सदस्यों में शामिल आमिर हमजा पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल हमजा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमला लाहौर में एक न्यूज चैनल के दफ्तर के बाहर हुआ। हमलावर मौके से फरार हो गए। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि वारदात के पीछे कौन लोग थे और हमला किस वजह से किया गया।
एक साल से कम समय में यह दूसरा हमला है। इससे पहले पिछले साल मई में भी हमजा पर उसके घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। उस हमले के बाद उसकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी, लेकिन पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
आमिर हमजा लश्कर-ए-तैयबा की स्थापना से जुड़ा रहा है और संगठन के प्रचार, फंडिंग तथा आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाता रहा। वह संगठन की पत्रिकाओं और प्रकाशनों से भी जुड़ा था।
बताया जाता है कि उसने 1980 के दशक में अफगानिस्तान में सोवियत संघ के खिलाफ लड़ाई में हिस्सा लिया था। बाद में वह हाफिज सईद और अब्दुल रहमान मक्की के करीबी सहयोगियों में शामिल हो गया।
अमेरिका ने साल 2012 में आमिर हमजा को वैश्विक आतंकी घोषित किया था। भारत के खिलाफ कई आतंकी हमलों में भी उसका नाम सामने आता रहा है।
कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2018 में फंडिंग विवाद के बाद लश्कर-ए-तैयबा में दरार पड़ी थी, जिसके बाद हमजा संगठन से अलग हो गया और उसने अपना नया गुट बना लिया था।
