
📍 जयपुर। राजस्थान में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तेज धूप और साफ आसमान के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। पश्चिमी राजस्थान में तो लू का असर भी धीरे-धीरे नजर आने लगा है।
मंगलवार को बाड़मेर में सबसे अधिक 41.6 डिग्री और कोटा में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर और चूरू में भी पारा 40.5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि चित्तौड़गढ़ सहित कई अन्य जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के ऊपर रहा। लगातार बढ़ती गर्मी ने आमजन का जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
दिन के समय अब पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं, जो आने वाले दिनों में और तेज हो सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 17 अप्रैल से प्रदेश में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि इस सप्ताह गर्मी और ज्यादा तेज होने के आसार हैं, खासकर पश्चिमी जिलों में लू का असर अधिक रहेगा।
हालांकि दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम के समय कुछ इलाकों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। झुंझुनूं, सीकर, अलवर और नागौर के कुछ हिस्सों में बादल छाए और हल्की हवा चली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई, लेकिन दिन की तपिश बरकरार रही।
मौसम विभाग ने 17 अप्रैल को श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 18 अप्रैल को श्रीगंगानगर और बाड़मेर में लू का असर जारी रहने की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
