
उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण हादसे ने राहगीरों के होश उड़ा दिए। गोगुंदा इलाके में भव्या पैलेस के सामने तेज रफ्तार से दौड़ रहा एक ट्रेलर अचानक चलती हालत में आग का गोला बन गया। देखते ही देखते लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त ट्रेलर गोगुंदा से उदयपुर की ओर जा रहा था, तभी अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। आग को बेकाबू होते देख चालक ने सूझबूझ दिखाई और अपनी जान बचाने के लिए चलते हुए जलते ट्रेलर से नीचे छलांग लगा दी।
बिना ड्राइवर के यह धधकता हुआ ट्रेलर हाईवे पर काल बनकर दौड़ने लगा और अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी दूसरी तरफ जा घुसा। जलते हुए ट्रक को अपनी ओर आता देख दूसरी दिशा से आ रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने वाहन छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि उस समय सामने से कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, वरना एक बड़ा रिहायशी या मानवीय हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़गांव पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस दौरान हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही और आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
