बांसवाड़ा SP ट्रांसफर पर ‘यू-टर्न’: सुधीर जोशी ही संभालेंगे कमान, ज्येष्ठा मैत्रयी को अब सवाई माधोपुर भेजा

बांसवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक के तबादले को लेकर राज्य सरकार ने अपने पिछले फैसले को बदलते हुए एक बड़ा संशोधन किया है। अब जिले की कमान सुधीर जोशी के पास ही रहेगी और उन्हें बांसवाड़ा एसपी पद पर यथावत बनाए रखा गया है। इससे पहले जारी हुई तबादला सूची में सुधीर जोशी का ट्रांसफर झुंझुनूं कर दिया गया था और उनकी जगह आईपीएस ज्येष्ठा मैत्रयी को बांसवाड़ा का नया एसपी नियुक्त किया गया था।

तय कार्यक्रम के अनुसार ज्येष्ठा मैत्रयी को 19 मार्च को नव संवत्सर के मौके पर पदभार ग्रहण करना था, लेकिन उनके जॉइन करने से पहले ही सरकार ने नया आदेश जारी कर दिया। संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह की ओर से जारी संशोधित सूची में ज्येष्ठा मैत्रयी को अब सवाई माधोपुर का एसपी लगाया गया है, जबकि कावेंद्र सिंह सागर को झुंझुनूं जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस विभाग में इस तरह के प्रशासनिक बदलाव बहुत कम देखने को मिलते हैं, जहां किसी अधिकारी के जॉइन करने से ऐन पहले ही आदेश बदल दिए जाएं। सुधीर जोशी का बांसवाड़ा में कार्यकाल काफी सक्रिय रहा है और कानून व्यवस्था पर उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए सरकार का यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है। जिले में उनके द्वारा की गई बड़ी कार्रवाइयों और फील्ड में उनकी सक्रियता की चर्चा लंबे समय से बनी हुई थी, जिसे इस फैसले का मुख्य आधार माना जा रहा है।

Spread the love