वल्लभनगर में फूटा कांग्रेस का आक्रोश, पूर्व विधायक ने चूल्हे पर चाय बना सरकार को घेरा, बदहाल व्यवस्थाओं पर जमकर बरसीं प्रीति शक्तावत

उदयपुर। वल्लभनगर कस्बे में बुधवार को सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया जब पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडरों की किल्लत और क्षेत्र की अनदेखी के खिलाफ अनूठा विरोध जताते हुए पूर्व विधायक खुद जमीन पर बैठीं और चूल्हा जलाकर चाय बनाई। धरने पर बैठी महिलाओं और कार्यकर्ताओं के बीच चूल्हे के धुएं के साथ सरकार के खिलाफ नाराजगी साफ देखी गई। प्रीति शक्तावत ने दो-टूक शब्दों में कहा कि आज वल्लभनगर का किसान, छोटा व्यापारी और आम नागरिक सरकारी संवेदनहीनता की भेंट चढ़ रहा है।

पूर्व विधायक ने व्यापारिक संकट का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि छोटे दुकानदारों को कमर्शियल गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कानून व्यवस्था पर सवाल दागते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक अधिकतर मामलों का खुलासा करने में नाकाम रही है। प्रशासनिक सुस्ती पर हमला बोलते हुए उन्होंने बताया कि पटवारी कार्यालयों से लेकर नगर पालिका तक स्टाफ की भारी कमी है, जिसके कारण जनता को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। शक्तावत ने कहा कि भटेवर में अस्पताल का भव्य भवन बनकर तैयार है, लेकिन वहां डॉक्टरों की तैनाती न होना सरकार की लापरवाही का जीता-जागता सबूत है। इसी तरह आईटीआई कॉलेज का संचालन शुरू न होने से युवाओं का भविष्य अधर में लटका है। पंचायत राज चुनाव न कराने को लोकतंत्र के साथ अन्याय बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे केंद्र की योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। अधूरे पंचायत समिति भवन और रुकी हुई विकास योजनाओं को लेकर कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Spread the love