
फोटो सोर्स AI
अजमेर। प्रदेश में रोडवेज बसों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले जहरखुरानी गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामला अजमेर का है, जहां पाली निवासी एक यात्री को झांसे में लेकर नशीला पदार्थ खिलाया गया और उसके पास मौजूद नकदी व कीमती सामान लूट लिया गया। पीड़ित यात्री रुस्तम अली जब 19 जनवरी को जयपुर के हीरापुर बस स्टैंड से वोल्वो बस में सवार हुए थे, तब उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि बगल की सीट पर बैठा शख्स उनका सफर और जमापूंजी दोनों छीन लेगा।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सफर के दौरान आरोपी ने मेल-जोल बढ़ाते हुए रुस्तम अली को चॉकलेट वाला बिस्किट खाने के लिए दिया। बिस्किट खाते ही रुस्तम बेहोश हो गए और उसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा। जब 22 जनवरी को उन्हें होश आया, तो वे खुद को अजमेर के जेएलएन (JLN) अस्पताल में भर्ती पाया। होश में आने के बाद उन्हें पता चला कि उनकी जैकेट की जेब में रखे 1 लाख 40 हजार रुपये नकद और साथ में ले जा रहे चूड़ियों के कीमती बंडल गायब हैं।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज और बस के यात्री चार्ट की मदद से आरोपी की तलाश में जुट गई है। इस वारदात ने रोडवेज बसों में यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अपरिचित व्यक्ति द्वारा दी गई खाने-पीने की वस्तु का सेवन न करें।
