जयपुर में पत्थर की खदान ढही, युवक दबा:100 फीट ऊंचाई से गिरी चट्टान, पत्थरों के नीचे दबी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली

जयपुर में आज सुबह पत्थर की खदान ढहने का मामला सामने आया है। 100 फीट ऊंचाई से गिरी चट्टानों के पत्थरों के नीचे दो ट्रेक्टर-ट्रॉली दब गई। हादसे में पत्थर के नीचे दबने से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का ड्राइवर घायल हो गया। हरमाड़ा थाना पुलिस ने घायल युवक को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है।

हेड कॉन्स्टेबल निरजंन ने बताया- हादसा हरमाड़ा के दादर बावड़ी इलाके में हुआ। दादर बावड़ी डूंगरी में पत्थर की खदान है। सुबह करीब 8 बजे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थर भरने के लिए खदान पर गई थी। पत्थर भरते समय अचानक खदान ढह गई। करीब 100 फीट ऊंचाई से चट्टानें तेजी से नीचे आकर गिरने लगी। चट्टानों के बड़े पत्थर ढह कर आते देखकर वहां मौजूद ट्रेक्टर-ट्रॉली के दोनों ड्राइवर व दो मजदूर अपनी जान बचाने के लिए भागे।

पत्थर के नीचे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का ड्राइवर सरदार मल गुर्जर (34) भी दब गया। वहां मौजूद साथियों ने तुरंत उसे बाहर निकाला। पत्थर के गिरने से उसके पैर में फ्रेक्चर हो गया। हरमाड़ा थाना पुलिस खदान ढहने की सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस चेतक में मौजूद कॉन्स्टेबल राजकुमार ने एम्बुलेंस की मदद से तुरंत घायल ड्राइवर सरदार मल गुर्जर को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया।

Spread the love