गुवाहाटी के लिए चलेगी ‘वन-वे स्पेशल ट्रेन’:जोधपुर-गुवाहाटी के बीच 31 स्टेशनों पर रुकेगी, स्लीपर व जनरल कोच ही होंगे

रेलवे की ओर से जोधपुर से गुवाहाटी जाने वाले यात्रियों के लिए ‘वन-वे स्पेशल ट्रेन’ चलाई जाएगी। नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग देखते हुए जोधपुर से गुवाहाटी के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन केवल एक फेरे के लिए चलेगी। रास्ते में 31 स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- यात्रियों की बढ़ती मांग पर यह व्यवस्था की गई। ट्रेन संख्या 04835 जोधपुर-गुवाहाटी एक्सप्रेस 22 जनवरी गुरुवार को जोधपुर से अलसुबह 3:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन करीब दो दिन का सफर तय कर शनिवार सुबह 6:30 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी।

14 कोच से आम यात्रियों को मिलेगी राहत
डीआरएम त्रिपाठी के अनुसार- इस स्पेशल ट्रेन में 14 कोच होंगे। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए 8 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआर कोच रहेंगे। इससे सामान्य श्रेणी और स्लीपर क्लास में यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने रूट की जानकारी देते हुए बताया- यह ट्रेन जोधपुर से रवाना होने के बाद मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी और जयपुर जंक्शन रुकेगी।

वहीं ट्रेन गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, खेड़ली, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, न्यू बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कोच बिहार, न्यू बोंगाईगांव, बरपेटा रोड और रंगिया स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी।

Spread the love