
जोधपुर में कांग्रेस विधायक और यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने SDM पंकज जैन पर ज्ञापन फाड़कर मुंह पर फेंक दिया। युवक कांग्रेस की ओर से मंगलवार को मनरेगा बचाओ महासंग्राम पदयात्रा निकाली गई थी। इस दौरान कार्यकर्ता ज्ञापन देने की मांग पर अड़ गए थे। उन्होंने कलेक्टर और अतिरिक्त कलेक्टर को गेट पर आकर ज्ञापन देने की मांग की थी।
दरअसल, आज यूथ कांग्रेस की ओर से दोपहर 1 बजे राजीव गांधी सर्किल नई सड़क से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल यात्रा निकाली गई। इसमें यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और हनुमानगढ़ के संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया भी शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई बहस
कलेक्ट्रेट कार्यालय पर पहुंचते ही पुलिस ने रैली को रोक दिया। पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट के अंदर नहीं जाने दिया। इस पर कार्यकर्ताओं की पुलिस से बहस हो गई। पुलिस ने कहा कि एसडीएम ज्ञापन लेने के लिए बाहर आ जाएंगे। करीब 1 घंटे तक खींचतान होती रही, फिर भी एसडीएम बाहर नहीं आए तो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वहीं बैठकर विरोध करना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।नारेबाजी के दौरान एसडीएम पंकज जैन कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेने के लिए बाहर आए तो कार्यकर्ता नाराज हो गए। कार्यकर्ताओं ने कहा- जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर एक घंटे तक ज्ञापन देने के लिए उन्हें पुलिस ने बाहर बैठा दिया।
हमें बताया गया कि SDM पंकज जैन ज्ञापन लेने बाहर आएंगे, लेकिन एक घंटे तक भी वे बाहर नहीं आए। विरोध शुरू किया तब पंकज जैन चैंबर से बाहर आए।
इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने ज्ञापन को फाड़कर एसडीएम के मुंह पर फेंक दिया। जहां पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद थे।
यूथ कांग्रेस की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तैयार किया गया था। ज्ञापन में मनरेगा में की गई बजट कटौती वापस लेने की मांग की गई थी। कार्यकर्ताओं ने कहा- मांगें नहीं जाने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
