उदयपुर के कनक हॉस्पिटल में सनसनी,वार्ड में भर्ती मरीज ने पास लेटी युवती पर कैंची से किए ताबड़तोड़ वार, CCTV आया सामने

 शहर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र स्थित कनक हॉस्पिटल में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। हॉस्पिटल के जनरल वार्ड में भर्ती एक पुरुष मरीज ने पास के बेड पर लेटी युवती पर अचानक कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवती के सिर और सीने पर चोटें आई हैं। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है।

उदयपुर। शहर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र स्थित कनक हॉस्पिटल में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। हॉस्पिटल के जनरल वार्ड में भर्ती एक पुरुष मरीज ने पास के बेड पर लेटी युवती पर अचानक कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवती के सिर और सीने पर चोटें आई हैं। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। अचानक उठा और करने लगा वार सीसीटीवी वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक पुरुष मरीज अर्धनग्न हालत में अपने बेड पर बैठा था। अचानक वह उठा और पास के बेड पर सो रही युवती की तरफ झपटा। उसने वहां रखी सर्जिकल कैंची उठाई और युवती पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वार्ड में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मौके पर मौजूद हॉस्पिटल स्टाफ ने तुरंत दौड़कर हमलावर मरीज को पकड़ा और युवती को बचाया।

सुरक्षा पर सवाल, मरीजों में दहशत
अस्पताल के भीतर हुए इस जानलेवा हमले ने मरीजों और उनके परिजनों में दहशत पैदा कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और स्टाफ की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलने पर हिरण मगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर को डिटेन (हिरासत में) किया।
पीड़िता ने कार्रवाई से किया इनकार
हैरानी की बात यह है कि इस खौफनाक हमले के बावजूद पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई से पीछे हटने का फैसला किया है। हिरण मगरी थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि हमले के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पीड़िता ने पुलिस को लिखित में रिपोर्ट दी है कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करना चाहती। पुलिस का कहना है कि शिकायत न मिलने के कारण फिलहाल जांच को आगे नहीं बढ़ाया गया है।

Spread the love