अजमेर में भूणाबाय पहाड़ी पर चढ़ा युवक,VIDEO:जोर-जोर से रोने लगा, बोला- मैं मर जाऊंगा, पुलिस ने रेस्क्यू टीम की मदद से रस्सी से बांधकर नीचे उतारा

अजमेर की भूणाबाय पहाड़ी पर गुरुवार को एक युक चढ़ गया और जोर-जोर से रोने लगा। जब पहाड़ी के ऊपर से रोने की आवाज आई तो क्षेत्रवासी एकत्र हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर रस्सी से बांधकर नीचे उतारा।

युवक को नीचे उतारते समय का वीडियो भी सामने आया है। युवक पहाड़ी पर क्यों चढ़ा, पुलिस ये जानने की कोशिश में युवक से पूछताछ कर रही है।जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित भूणाबाय पहाड़ी पर एक जयपुर निवासी युवक चढ़ गया। इस दौरान पहाड़ी पर चढ़ने के बाद वह जोर-जोर से रोने लगा। चिल्लाते हुए कहने लगा कि मैं मर जाऊंगा। जिसके बाद रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने आसपास देखा तो पहाड़ी पर एक युवक चढ़ा हुआ था।

क्षेत्रवासियों की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्रवासियों की मदद से पुलिस पहाड़ी पर पहुंची तो युवक ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस ने युवक से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह नहीं उतरा।जिसके बाद पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया। जहां टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को रस्सी से बांधकर पहाड़ी से नीचे उतारा गया। फिलहाल पुलिस युवक को अपने साथ ले गई।

Spread the love