जयपुर में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की:राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई नेताओं को टांगाटोली कर ले गई; CM आवास जाने से रोका

जयपुर में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शहीद स्मारक पर बैरिकेड्स लगाकर रोकने की कोशिश की। इससे गुस्साए कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

युवा कांग्रेस ने वोट चोरी, बदहाल कानून व्यवस्था और फसल खराबे के मुआवजे जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेता अभिमन्यु पूनिया ने कहा- सरकार से आम आदमी परेशान है। कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा की छापेमारी कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने राजस्थान में SIR का काम कर रहे BLO के सुसाइड करने के मुद्दे पर सरकार को घेरा और सवाल किया कि क्या 20-25 दिनों में पूरे राजस्थान में SIR करवाना संभव है।

Spread the love