पल पल राजस्थान / महावीर व्यास
जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर जिले के बासनपीर गांव में गुरुवार सुबह उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब तालाब किनारे पुरानी छतरियों के निर्माण को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जब एक पक्ष निर्माण स्थल पर पहुंचा। इसका विरोध करते हुए दूसरे गुट ने भी वहां जमावड़ा किया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद अचानक पथराव शुरू हो गया। हैरानी की बात यह रही कि एक पक्ष ने महिलाओं और बच्चों को आगे कर पत्थर फिंकवाए। कई महिलाओं ने पुलिस पर भी पथराव किया।
इस हिंसक झड़प में एक पुलिस कांस्टेबल सहित तीन लोग घायल हो गए। पथराव के दौरान कई वाहनों के शीशे टूट गए। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूर्व विधायक सांग सिंह भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बहाली की कोशिश में जुटा है। वहीं, पुलिस ने झड़प में शामिल उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।