पल पल राजस्थान – हर्ष जैन
Udaipur News भूपालपुरा थाना क्षेत्र के सुभाषनगर रिहायशी इलाके में संचालित डांस बार से स्थानीय निवासियों का जीना दुभर हो रहा है। यहां बार से निकलकर शराबी आए दिन हुड़दंग मचा रहे हैं। शनिवार रात को भी शराबियों ने कार को तेज गति से दौड़ाकर एक मकान की दीवार से टकरा दी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय निवासी दीपक कुमार जैन ने भूपालपुरा थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। रिपोर्ट में बताया कि सुभाष नगर आवासीय कॉलोनी में एक साल से डांस बार का संचालन हो रहा है। इससे पूरी रात नशे की हालत में लोगों की आवाजाही रहती है। लोग नशे की हालत में कॉलोनी में कारें दौड़ाते हैं। कई बार तो घरों के बाहर ही कार पर चढ़कर हुड़दंग करने लगते हैं। आपत्ति जताने पर झगड़े पर उतारु हो जाते हैं। शनिवार रात करीब 1.20 बजे डांस बार से शराब के नशे में धुत चार लड़के कार को दौड़ाने लगे। कार मकान के बाहर लगे पेड़ को तोड़ते हुए चारदीवारी से टकरा गई। परिवार ने विरोध किया तो लड़के बदसलूकी करने लगे, वहीं डांस बार के सुरक्षाकर्मियों ने भी परिवार से झगड़ा किया। परिवार ने पुलिस कन्ट्रोल रूम पर फोन किया। पुलिस की गाड़ी आई और आरोपी युवकों को थाने ले गई।