जन्माष्टमी पर उदयपुर के प्रमुख मंदिरों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, 4 और 5 सितंबर को बदलेगी यातायात व्यवस्था

उदयपुर। जन्माष्टमी को लेकर उदयपुर शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जगदीश मंदिर, श्रीनाथजी मंदिर और सूरजपोल स्थित अष्ठल मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। भीड़ और यातायात को देखते हुए 4 और 5 सितंबर को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया गया है।

जगदीश मंदिर: जगदीश मंदिर चौक पर 4 सितंबर को दोपहर 12 बजे से रात तक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। चांदपोल, रंगनिवास, हाथीपोल और घंटाघर मार्ग से जगदीश चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। 5 सितंबर को भी यही यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

श्रीनाथजी मंदिर: मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके चलते दोपहर 3 बजे से खेरादीवाड़ा, काजी का हाटा रोड और रावजी का हाटा लिंक रोड से श्रीनाथजी मंदिर तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। 5 सितंबर को भी यह व्यवस्था लागू रहेगी।

अष्ठल मंदिर: सूरजपोल स्थित अष्ठल मंदिर में 5 सितंबर को जन्माष्टमी का आयोजन होगा। कार्यक्रम के दौरान दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक सूरजपोल कंट्रोल रूम, आरएमवी रोड, अमल का कांटा, धानमंडी, मुखर्जी चौक और तेलियों की माता मंदिर से अष्ठल मंदिर तक यातायात बंद रहेगा।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि जन्माष्टमी के दौरान इन मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। आकस्मिक एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए यातायात व्यवस्था में आवश्यक छूट रहेगी।

Spread the love