भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट के बाहर युवक ने आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने रोका

भीलवाड़ा। कलेक्ट्रेट के बाहर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगाने का प्रयास किया। युवक के पास केरोसिन की केन और लाइटर था। मौके पर मौजूद डीएसबी और पुलिस जवानों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और केन व लाइटर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

युवक की पहचान गांधीनगर थाना क्षेत्र निवासी किशन भाट के रूप में हुई है। बताया गया कि वह जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर एसपी को शिकायत देने पहुंचा था। इसी दौरान उसने अपने ऊपर केरोसिन उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की।

8 लाख रुपए और प्लॉट को लेकर विवाद

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किशन ने आरोप लगाया कि उसने करीब दो साल पहले गांधीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले रामलाल को 8 लाख रुपए देकर एक प्लॉट खरीदा था। युवक का दावा है कि पैसे देने के बावजूद उसे अब तक प्लॉट नहीं मिला है। उसका आरोप है कि संबंधित व्यक्ति न तो प्लॉट दे रहा है और न ही उसके 8 लाख रुपए वापस कर रहा है।

किशन ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही थी, जिसके चलते उसने कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस तरह का कदम उठाने की कोशिश की।

पुलिस का अलग पक्ष

गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कसोटिया के अनुसार, किशन ने जमीन से संबंधित रिपोर्ट पहले ही थाने में दी हुई है। मामले की जांच के लिए उससे प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज और गवाह पेश करने को कहा गया था। पुलिस का कहना है कि उसे कई बार थाने बुलाया गया, लेकिन वह जांच में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा रहा था।

थाना प्रभारी के मुताबिक युवक को बयान देने के लिए भी बुलाया गया था, लेकिन वह बयान देने नहीं आया। पुलिस ने उससे रुपए के लेनदेन और जमीन से जुड़े दस्तावेज मांगे थे।

पुलिस का कहना है कि कलेक्ट्रेट के बाहर खुद पर केरोसिन डालकर दबाव बनाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद युवक को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love