वारदात से पहले गर्लफ्रेंड ने की रेकी, 26.80 लाख रुपए के साथ युवती गिरफ्तार; तीन आरोपी अब भी फरार
जयपुर। अक्षयपात्र चौराहे के पास एटीएम बूथ में लगी कैश डिपोजिट मशीन से रकम निकालकर बाहर निकले बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस की जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल तीनों आरोपी जयपुर में ओला-उबर कैब चलाते थे और फिलहाल फरार हैं।
मामला रामनगरिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस केस में एक युवती अंशु कुमारी जाटव (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक युवती के पास से लूट की रकम में से 26.80 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। पूछताछ में युवती ने कथित तौर पर बताया कि वारदात से पहले उसने एटीएम बूथ की रेकी की थी।

बैंक कर्मचारी से ली थी मशीन की जानकारी
पुलिस जांच के अनुसार, फरार आरोपी मस्तराम मीणा और उसके दो साथी पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी और सुमित जंगम ने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि तीनों में से एक आरोपी का बैंक में काम करने वाले परिचित से संपर्क था। इसी परिचित के जरिए अक्षयपात्र चौराहे के एटीएम बूथ में लगी कैश डिपोजिट मशीन और बैंक कर्मचारियों के रकम निकालने की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी हासिल की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर कर्ज होने और पैसों की जरूरत के कारण लूट की योजना बनाने का आरोप है। इसके बाद वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार का इंतजाम किया गया।
गर्लफ्रेंड से दो-तीन बार करवाई रेकी
जांच में सामने आया कि आरोपी मस्तराम ने अपनी कथित गर्लफ्रेंड अंशु को एटीएम बूथ की रेकी के लिए भेजा था। पुलिस के अनुसार, अंशु ने वारदात से पहले दो-तीन बार इलाके और बूथ की निगरानी की।
गणेश चतुर्थी के दिन बैंक खुलने के बाद अंशु को फिर निगरानी के लिए भेजा गया। कैश डिपोजिट मशीन से रकम निकालकर जब बैंक की दो महिला कर्मचारियों और एक पुरुष कर्मचारी के बाहर निकलने की जानकारी मिली तो उसने कथित तौर पर अपने बॉयफ्रेंड को फोन कर सूचना दी। इसके बाद अंशु वहां से चली गई और तीनों बदमाश मौके पर पहुंचे।
बैंक कर्मचारियों के पास मौजूद करीब 41.70 लाख रुपए को हथियार के दम पर लूटकर आरोपी फरार हो गए।

लूट के बाद कारें छिपाईं
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी-अपनी टैक्सी कारों का इस्तेमाल वारदात के बाद सीधे भागने के लिए नहीं करना चाहते थे। पुलिस के अनुसार तीनों ने पहले अपनी कारें जयपुर में अलग-अलग जगहों पर छिपा दीं। जांच के दौरान तीनों वाहनों के GPS सिस्टम भी आउट मिले।
पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली तो तीनों कारों के जयपुर से बाहर जाने के संकेत नहीं मिले। वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक भी अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस को आशंका है कि लूट के लिए बाइक चोरी की गई हो सकती है।
14.90 लाख लेकर फरार होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक लूट की रकम में से 26.80 लाख रुपए युवती से बरामद किए जा चुके हैं। वहीं करीब 14.90 लाख रुपए लेकर तीनों फरार आरोपियों के जयपुर से बाहर निकलने की आशंका जताई जा रही है।
तीनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें करौली-धौलपुर के डांग क्षेत्र में दबिश दे रही हैं। पुलिस फरार आरोपियों के संपर्कों, बैंक कर्मचारी से मिली जानकारी, CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और वाहनों से जुड़े सुरागों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लूट की पूरी साजिश और रकम के इस्तेमाल से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
