उदयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: जिलेभर में एरिया डोमिनेशन अभियान, 156 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर। अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए उदयपुर पुलिस ने बुधवार को जिलेभर में बड़े स्तर पर एरिया डोमिनेशन और रेड अभियान चलाया। पुलिस ने अचानक और एक साथ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध एवं सक्रिय अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान पुलिस की 108 टीमों ने 572 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि संदिग्ध और बिना वैध दस्तावेजों के पाए गए 180 पावर बाइक जब्त की गईं।

यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों, वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, सक्रिय अपराधियों पर निगरानी बढ़ाना और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना रहा।

अभियान के तहत पुलिस ने NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट, हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधियों, पूर्व में चालानशुदा अपराधियों और बॉडी ऑफेंस से जुड़े मामलों में संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश दी। कई संदिग्ध और सक्रिय अपराधियों को थानों पर लाकर पूछताछ की गई तथा उनकी गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई गई।

पुलिस कार्रवाई में NDPS एक्ट के नए मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 2.840 किलोग्राम गांजा, 102.10 ग्राम अफीम और 1.75 ग्राम MDMA बरामद किया गया। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत 2 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के 82 हिस्ट्रीशीटरों और 2 हार्डकोर अपराधियों के घरों पर भी दबिश दी। इनसे पूछताछ कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, संपर्कों और संपत्ति से संबंधित जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक सूचनाएं भी संकलित कीं।

इसके अलावा जिलेभर में वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। बिना नंबर, संदिग्ध और वैध दस्तावेजों के बिना संचालित किए जा रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 180 पावर बाइक जब्त की गईं।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों, हथियारों के संग्रह, सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और शांति व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार अपराधियों, तस्करों और उन्हें संरक्षण देने वाले तत्वों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love