हिरण का शिकार करते पकड़े गए, मांस बरामद

गांव वालों को देखते ही भागने लगे, बोलेरो से 10 किमी पीछा कर दबोचा


ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों की मुस्तैदी से हिरण का शिकार करने वाले तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से हिरण का मांस, शिकार में इस्तेमाल कटर, टॉर्च और बाइक बरामद हुई है। वन विभाग ने तीनों को डिटेन कर कार्रवाई (वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत) शुरू कर दी है। मामला बालोतरा के गिड़ा थाना क्षेत्र के कोलू और कानोड़ रोड का है। हिरण का शिकार करने के आरोप में तीन लोगों को ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों ने पकड़ा। तीनों को वन विभाग को सौंप दिया गया है।


बोलेरो से पीछा कर पकड़ा

रेंजर रूपाराम ने बताया- बुधवार देर रात पनावड़ा गांव के रहने वाले धमाराम, जुंझाराम और प्रहलादराम बुधवार रात बायतू थाना क्षेत्र के कोलू गांव में टॉर्च की रोशनी की मदद से हिरण का शिकार कर रहे थे।

इसकी भनक ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों को लग गई। वे मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख तीनों शिकारी अपनी बाइक पर सवार होकर भागने लगे। ग्रामीणों ने बोलेरो गाड़ी से करीब 10 किमी तक पीछा कर कानोड़ रोड पर पकड़ लिया।


देर रात वन विभाग की टीम को सूचना

आरोपियों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने 8 जुलाई की रात में ही बायतु वन विभाग की टीम को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

रेंजर के मुताबिक, शिकारियों के पास से हिरण के अवशेष और शिकार में काम आने वाले कटर व अन्य उपकरण मिले हैं। विभाग ने हिरण का पोस्टमॉर्टम करवाया गया।

Spread the love