शाहपुरा में कांग्रेस का दबदबा, 22 वार्डों में जीत; BJP 8 और निर्दलीय 5 सीटों पर

शाहपुरा। शाहपुरा नगरीय निकाय चुनाव 2026 के नतीजों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 35 वार्डों में से 22 वार्डों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है और नगर निकाय में उसका बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा को 8 वार्डों में जीत मिली, जबकि 5 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी बाजी मारी।

मतगणना के शुरुआती राउंड से ही कांग्रेस ने बढ़त बना ली थी। पांचवें और अंतिम राउंड तक कांग्रेस की यह बढ़त कायम रही। परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वहीं भाजपा के प्रदर्शन को लेकर शाहपुरा जिला भंग होने के मुद्दे के असर की राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

दरबार हाई स्कूल में पांच राउंड में हुई मतगणना

शाहपुरा में मतगणना दरबार हाई स्कूल में कराई गई। 35 वार्डों की ईवीएम से प्राप्त मतों की गिनती के लिए कुल 7 टेबल लगाई गई थीं। पांच राउंड में मतगणना पूरी की गई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना हुई, इसके बाद राउंडवार ईवीएम के वोटों की गिनती कर परिणाम घोषित किए गए।

मतगणना केंद्र के बाहर भी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। हर राउंड के साथ प्रत्याशियों की जीत-हार की तस्वीर साफ होती गई और अंतिम परिणाम आते ही राजनीतिक दलों के खेमों में जश्न और मायूसी का माहौल देखने को मिला।

कांग्रेस की जीत के बाद निकाला गया विजय जुलूस

शुरुआत से बढ़त बनाए रखने वाली कांग्रेस के समर्थकों ने जीत के बाद जमकर जश्न मनाया। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने त्रिमूर्ति चौराहे से सदर बाजार होते हुए बालाजी की छतरी तक विजय जुलूस निकाला।

जुलूस के दौरान समर्थकों ने आतिशबाजी की और जीत का जश्न मनाया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

शुरुआती वार्डों में कांग्रेस का दबदबा

वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस की तबस्सुम बानो ने 115 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 2 में कांग्रेस के युवराज 271 मतों से विजयी रहे, जबकि वार्ड 3 से जाकिर हुसैन देशवाली ने 160 मतों से जीत हासिल की।

वार्ड 4 से निर्दलीय चांद मोहम्मद रंगरेज ने महज 8 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड 5 में निर्दलीय युसूफ मोहम्मद 83 मतों से विजयी रहे। वार्ड 6 से कांग्रेस के नमन ओझा ने 163 मतों से जीत हासिल की। वहीं वार्ड 7 में भाजपा के राजेंद्र कुमार बोहरा ने 61 मतों से जीत दर्ज की।

वार्ड 8 से कांग्रेस की मधु देवी ने 161 मतों, वार्ड 9 से रचना मिश्रा ने 81 मतों और वार्ड 10 से नाथू लाल कोली ने 128 मतों से जीत हासिल की। वार्ड 11 में निर्दलीय योगेश कुमार पारीख 116 मतों से विजयी रहे।

कई वार्डों में कांग्रेस-भाजपा के बीच मुकाबला

वार्ड 13 से कांग्रेस की रेखा देवी ने 153 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 14 में भाजपा के सुरेश कुमार कहार 188 मतों से विजयी रहे। वार्ड 15 से कांग्रेस के रमेश कुमार सेन ने 201 मतों से जीत हासिल की।

वार्ड 19 में कांग्रेस की ममता चावला ने 214 मतों से और वार्ड 20 में शानिल चौधरी ने 186 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 21 से भाजपा की निरमा देवी 241 मतों से और वार्ड 22 से प्रवीण कुमार स्वर्णकार 242 मतों से विजयी रहे। वार्ड 23 से कांग्रेस के मधु पोंड्रिक ने 171 मतों से जीत हासिल की।

वार्ड 28 में भाजपा की सबसे बड़ी जीत

शाहपुरा निकाय चुनाव में वार्ड नंबर 28 का परिणाम भी खास रहा। यहां भाजपा के नारायण कहार ने 308 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। यह चुनाव में सबसे बड़े जीत अंतर में से एक रहा।

वार्ड 29 से भाजपा की ललिता कहार 136 मतों से विजयी रहीं। वार्ड 30 से निर्दलीय राजू लाल कहार ने 83 मतों से जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 31 से कांग्रेस के चेतन कुमार रैगर ने 278 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।

अंतिम वार्डों में भी कांग्रेस की मजबूत पकड़

वार्ड 32 से कांग्रेस की शांति देवी कहार ने 211 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 33 से भाजपा की दीपिका वैष्णव 133 मतों से विजयी रहीं। वार्ड 34 से कांग्रेस के यूनुस खान कायमखानी ने 129 मतों और वार्ड 35 से कांग्रेस के विशाल बाबू मीना ने 150 मतों से जीत हासिल की।

कांग्रेस का बोर्ड बनना लगभग तय

35 वार्डों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटें जीतकर नगर निकाय में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। 22 सीटों के साथ कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के करीब पहुंच गई है, जबकि भाजपा 8 और निर्दलीय 5 सीटों पर रहे।

कांग्रेस की लगातार बढ़त और बहुमत के आंकड़े को देखते हुए शाहपुरा नगर निकाय में कांग्रेस का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है। अब सभी की नजरें अध्यक्ष पद के चुनाव पर टिकी हैं। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के भीतर दावेदारों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

Spread the love