बाड़ेबंदी से सीधे RCA पहुंचे BJP के 53 पार्षद, सर्टिफिकेट लेकर ली शपथ

उदयपुर। नगर निगम चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद भाजपा ने अपने नवनिर्वाचित पार्षदों को एकजुट रखने की कवायद तेज कर दी है। सोमवार शाम करीब 4 बजे भाजपा के सभी 53 नवनिर्वाचित पार्षद बाड़ेबंदी से बस के जरिए सीधे सूरजपोल स्थित राजस्थान कृषि महाविद्यालय (RCA) मतगणना स्थल पहुंचे।

RCA पहुंचने के बाद सभी विजयी पार्षदों को निर्वाचन संबंधी प्रमाण-पत्र सौंपे गए और उन्हें शपथ दिलाई गई। एक साथ बस में पहुंचे भाजपा के 53 पार्षदों को देखकर मतगणना स्थल पर मौजूद समर्थकों और परिजनों में भी खासा उत्साह नजर आया।

पहली बार एक साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए पार्षद

खास बात यह रही कि चुनाव परिणाम के बाद बाड़ेबंदी में रखे गए भाजपा पार्षद पहली बार एक साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए। पार्षदों के परिजन भी पहले से RCA मतगणना स्थल पर मौजूद थे। प्रमाण-पत्र लेने और शपथ के बाद पार्षदों ने अपने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।

कई पार्षदों ने परिजनों से करीब दो मिनट तक बातचीत की। जीत के बाद बाड़ेबंदी से निकलकर परिवार से हुई यह छोटी-सी मुलाकात कई पार्षदों के लिए भावुक पल भी रही।

Oplus_16908288

भाजपा ने जीतीं 53 सीटें, लगातार सातवीं बार बोर्ड की तैयारी

उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 23 वार्डों में सफलता मिली, जबकि 3 निर्दलीय और 1 माकपा प्रत्याशी भी विजयी रहे।

भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण नगर निगम में लगातार सातवीं बार भाजपा का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है। चुनाव परिणाम के बाद पार्टी अब अपने पार्षदों को एकजुट रखते हुए बोर्ड गठन की तैयारियों में जुटी है।

कांग्रेस के 23 पार्षद भी पहुंचे RCA

इससे पहले कांग्रेस के 23 नवनिर्वाचित पार्षद भी RCA मतगणना स्थल पहुंच चुके थे। कांग्रेस के विजयी पार्षदों ने भी निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्राप्त किए और शपथ ली।

अब चुनाव परिणाम के बाद उदयपुर की राजनीति का अगला केंद्र नगर निगम बोर्ड का गठन और महापौर का चुनाव बन गया है। भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद महापौर पद को लेकर पार्टी के भीतर दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।

आने वाले दिनों में महापौर पद के लिए नाम को लेकर पार्टी के अंदर मंथन और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो सकती हैं। अब उदयपुर शहर की सियासत का अगला अध्याय महापौर चुनाव और नए बोर्ड के गठन के साथ शुरू होगा।

Spread the love