उदयपुर। नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड 72 के एक मतदान केंद्र पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके नाम से पहले ही किसी अन्य व्यक्ति द्वारा वोट डाला जा चुका है। महिला के मतदान केंद्र पहुंचने के बाद मामला सामने आया तो वहां मौजूद लोगों के बीच विरोध शुरू हो गया और देखते ही देखते माहौल गरमा गया।
महिला का कहना था कि वह अपना वोट डालने मतदान केंद्र पहुंची थी, लेकिन रिकॉर्ड में उसके नाम पर पहले ही मतदान हो चुका था। इसको लेकर मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई और फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर विरोध किया। मामले के बढ़ने पर मतदान केंद्र पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

विवाद के बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत महिला को टेंडर वोट डालने की अनुमति दी गई। इसके बाद महिला ने अपना मतदान किया। वहीं, हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। अधिकारियों और मतदानकर्मियों ने मौके पर व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। घटना के बाद मतदान केंद्र की सुरक्षा भी बढ़ाई गई, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी रह सके।
वार्ड 72 की इस घटना के बाद फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर चुनावी माहौल में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, महिला के नाम पर पहले वोट किसने और किस तरह डाला, इसे लेकर अंतिम स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
