उदयपुर जिला कलेक्टर के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट, साइबर ठगों का नया जाल

उदयपुर। सोशल मीडिया पर साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठगों ने उदयपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार साइबर अपराधी जिला कलेक्टर के नाम और फोटो का उपयोग कर फेसबुक पर फेक प्रोफाइल संचालित कर रहे हैं। इसके माध्यम से वे लोगों से मेलजोल बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं तथा विभिन्न बहानों से मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत जानकारी मांग रहे हैं।

जिला प्रशासन ने इस फेसबुक अकाउंट को पूरी तरह फर्जी बताते हुए आमजन को सतर्क रहने की अपील की है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध अकाउंट से संपर्क किया जाए तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों या साइबर हेल्पलाइन को दें। साथ ही ऐसे फर्जी अकाउंट से किसी प्रकार की बातचीत न करें और न ही अपना मोबाइल नंबर, ओटीपी, बैंकिंग या अन्य निजी जानकारी साझा करें।

जिला प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रोफाइल की सत्यता की जांच किए बिना उस पर भरोसा न करें। सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Spread the love