जोधपुर। ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान और ज्वेलरी चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को Jodhpur GRP ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और अब तक करीब 4 करोड़ रुपए की ज्वेलरी और अन्य सामान चोरी करने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी अशोक कुमार (65) और रंजन कुमार (47) के रूप में हुई है। दोनों को 3 सितंबर को पकड़ा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान के जोधपुर, मारवाड़ जंक्शन और आबूरोड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में वारदात करने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सबसे ज्यादा वारदातें तमिलनाडु में कीं। दोनों आरोपी ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने के लिए कथित तौर पर फर्जी नाम से रिजर्वेशन करवाते थे। ट्रेन में सवार होने के बाद यात्रियों के सामान पर नजर रखते और मौका मिलते ही ज्वेलरी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
2016 से लगातार कर रहे थे चोरी
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नवंबर 2016 से ट्रेनों में चोरी कर रहे थे। जोधपुर में चोरी की वारदात के बाद दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे।
ट्रेनों में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद जीआरपी ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया। जीआरपी एसपी जोधपुर केवल राम और जीआरपी सीओ हरिराम सोनी के निर्देशन में जीआरपी थानाधिकारी मुक्ता पारीक के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान जीआरपी टीम ने दोनों आरोपियों को डिटेन कर तमिलनाडु जीआरपी को सूचना दी। इसके बाद तमिलनाडु पुलिस की स्पेशल टीम के साथ जीआरपी ने बिहार में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
3 सितंबर को दोनों आरोपियों को बिहार से जोधपुर लाया गया। इसके बाद तमिलनाडु पुलिस दोनों को अपने साथ विरुधाचलम लेकर रवाना हो गई।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य राज्यों में की गई वारदातों, चोरी की ज्वेलरी और उनके नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
