उदयपुर। शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में वर्चस्व की पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धोली मगरी निवासी हिस्ट्रीशीटर इस्माइल उर्फ बड़ा मेवाती उर्फ मन्नू ने अपने साथियों के साथ मल्लातलाई की गरीब नवाज कॉलोनी में एक युवक के मकान पर कथित रूप से फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 1:15 बजे बड़ा मेवाती अपने साथी समीर मेवाती उर्फ बिट्टू, ताज मोहम्मद उर्फ शेरा और एक नाबालिग के साथ आरिफ और अरबाज खान के घर पहुंचा। आरोपियों ने पहले मकान पर बीयर की बोतलें फेंकीं और इसके बाद गेट पर गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही वर्चस्व की रंजिश है। पुलिस के मुताबिक बड़ा मेवाती और अरबाज एक ही इलाके में रहते हैं और उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। बड़ा मेवाती के हिस्ट्रीशीटर इमरान कूंजड़ा गिरोह से जुड़े होने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार कुछ माह पहले बड़ा मेवाती ने अरबाज को बाइक से कट मारकर धमकाया था और मोहल्ला छोड़ने की चेतावनी दी थी। इसके बाद करीब तीन महीने पहले अरबाज कथित तौर पर पिस्टल लेकर बड़ा मेवाती को धमकाने उसके घर पहुंचा था। उस दौरान पुलिस ने अरबाज को पकड़ लिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी और बढ़ गई।
पुलिस ने इस मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को भीलवाड़ा और डबोक से पकड़ा।
उदयपुर लाते समय आरोपियों ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश भी की। पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों ने रास्ते में टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और मौका मिलते ही भागने लगे। इसी दौरान भागते हुए तीनों एक गड्ढे में जा गिरे, जिससे उनके पैरों में चोट आई और पैर टूट गए।
आरोपियों को पकड़ने की कोशिश के दौरान कॉन्स्टेबल फिरोज की नाक पर भी चोट लगी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू में किया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।


