फुकुओका में भारत की कला का बढ़ा गौरव, प्रो. राजेश कुमार यादव को मिला ‘स्पेशल जूरी अवॉर्ड’

उदयपुर/फुकुओका, 3 सितंबर। जापान के फुकुओका शहर में आयोजित 9वीं इंटरनेशनल आर्ट एग्जिबिशन एवं अवॉर्ड सेरेमनी में भारत के प्रख्यात कलाकार एवं कला शिक्षाविद प्रो. राजेश कुमार यादव को कला एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘स्पेशल जूरी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। प्रो. यादव उदयपुर स्थित द आर्ट पिवट, इंडिया के संस्थापक हैं।

अंतरराष्ट्रीय कला समारोह में विभिन्न देशों के कलाकारों, कला संस्थाओं के प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। समारोह में चाइना-जापान एक्सचेंज सेंटर के प्रतिनिधियों के साथ भारत के राजनयिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रो. यादव को मिला यह सम्मान भारतीय कला और कलाकारों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रो. यादव ने आयोजकों, अंतरराष्ट्रीय कला समुदाय और अपने सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कला केवल सृजन का माध्यम नहीं है, बल्कि अलग-अलग देशों और संस्कृतियों को जोड़ने वाला एक सशक्त सेतु भी है। कला के माध्यम से देशों के बीच संवाद, आपसी समझ और मित्रता को और मजबूत किया जा सकता है।

भारत-जापान कला सहयोग को मिलेगी नई दिशा

समारोह के दौरान द आर्ट पिवट, उदयपुर की ओर से श्री किमोरी को आर्ट एम्बेसडर नियुक्त किया गया। इस पहल को भारत और जापान के बीच कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, कलाकारों के आदान-प्रदान तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

फुकुओका में मिला यह सम्मान न केवल प्रो. राजेश कुमार यादव की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उदयपुर और भारत की कला प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाली उपलब्धि भी है।

Spread the love