नई दिल्ली/रोम। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश की राजनीति में नया रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी सरकार ने लगातार 1,413 दिन पूरे कर लिए हैं और द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार चलने वाली सरकार बन गई है। मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की सरकार का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा है।
इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी। पीएम मोदी ने उन्हें अपनी मित्र बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में मेलोनी की दोस्ती और भूमिका की भी सराहना की।
बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड टूटा
मेलोनी सरकार ने सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का रिकॉर्ड तोड़ा है। बर्लुस्कोनी की दूसरी कैबिनेट 2001 से 2005 के बीच 1,412 दिन तक लगातार सत्ता में रही थी। मेलोनी सरकार ने एक दिन अधिक यानी 1,413 दिन पूरे कर नया रिकॉर्ड बनाया।
जॉर्जिया मेलोनी अक्टूबर 2022 में इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं। वह दक्षिणपंथी ब्रदर्स ऑफ इटली (FdI) पार्टी की नेता हैं। उनकी सरकार ने इटली की राजनीतिक रूप से अस्थिर माने जाने वाले माहौल में करीब चार साल तक अपना गठबंधन बनाए रखा है।
मोदी-मेलोनी के रिश्ते भी चर्चा में
पीएम मोदी ने कहा कि मेलोनी की दोस्ती ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताते हुए मोदी ने मेलोनी के भविष्य के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि इटली में सरकारों का कार्यकाल अक्सर राजनीतिक गठबंधनों और सत्ता परिवर्तन के कारण छोटा रहा है। ऐसे में मेलोनी सरकार का 1,413 दिनों तक लगातार सत्ता में बने रहना वहां की राजनीति में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी पार्टी इस उपलब्धि के मौके पर बारी शहर में बड़ी रैली भी आयोजित कर रही है
